राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू ने कहा कि यह भूमि देश के प्रथम राष्ट्रपति डॉक्टर राजेंद्र प्रसाद की जन्मभूमि है। उन्होंने पीएमसीएच की 100 साल पुरानी विरासत को भी सराहा और कहा कि पटना का मेडिकल कॉलेज और अस्पताल बिहार की अमूल्य धरोहर है।
पटना चिकित्सा महाविद्यालय एवं अस्पताल (पीएमसीएच) के शताब्दी वर्ष समारोह का आयोजन सम्राट अशोक कन्वेंशन केंद्र स्थित बापू सभागार में हुआ, जिसमें राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू, राज्यपाल आरिफ मोहम्मद खान और मुख्यमंत्री नीतीश कुमार शामिल हुए। इस अवसर पर उन्होंने संबोधित किया और संस्था के शताब्दी वर्ष पर शुभकामनाएं दीं। राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू ने अपने संबोधन में कहा कि बिहार की इस पुण्यभूमि को मैं सादर नमन करती हूं। यह भूमि भारतीय अध्यात्म का केंद्र रही है, जहां माता सीता, भगवान महावीर और भगवान बुद्ध की पावन स्थली है। महात्मा गांधी ने भारत में अंग्रेजों के खिलाफ आंदोलन की प्रेरणा भी यहीं से ली। यह भूमि देश के प्रथम राष्ट्रपति आदरणीय डॉक्टर राजेंद्र प्रसाद की जन्मभूमि है। उन्होंने पीएमसीएच की 100 साल पुरानी विरासत को भी सराहा और कहा कि पटना का मेडिकल कॉलेज और अस्पताल बिहार की अमूल्य धरोहर है। इस अस्पताल का गौरवमय इतिहास रहा है, और सौ वर्ष पूरे होने के उपलक्ष्य में मैं इस संस्थान से जुड़े सभी पूर्व और वर्तमान चिकित्सकों, अधिकारियों और विद्यार्थियों को बधाई देती हूं।
0 Comments